पचदेवरा थाना क्षेत्र के ग्राम गौटिया में गैस चूल्हे पर खाना बना रही किशोरी बुरी तरह झुलस गई।जिसे पाली अस्पताल से जिला अस्पताल भेजा गया है।जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
ग्रामवासी रामनाथ की बेटी सरोजनी कश्यप (15) गुरुबार की दोपहर घर में गैस चूल्हे पर खाना बना रही थी, इसी दौरान गैस चूल्हे से निकली चिंगारी से उसके कपड़ों में आग लग गई। और कुछ ही पलों में वह धू-धू कर जलने लगी। परिजनों ने काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई, तब तक उसके शरीर का तकरीबन 90 फीसदी हिस्सा आग से बुरी तरह झुलस चुका था। परिजनों ने उसे पाली के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया। यहां के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ0 आनंद शुक्ला ने बताया कि किशोरी के शरीर का अधिकांश हिस्सा आग से बुरी तरह झुलस चुका है, हालांकि उसे प्राथमिक उपचार दे दिया गया है, लेकिन उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। लिहाजा उसे हरदोई के जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है, ताकि उसका वहां बेहतर तरीके से उपचार हो सके।