दीपक कुमार श्रीवास्तव–
कछौना (हरदोई) – राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के अवसर पर विकासखंड कछौना के परिषदीय विद्यालयों के उत्कृष्ट शिक्षकों व प्रतिभावान बच्चों को सम्मानित करने के उद्देश्य से कस्बा स्थित बीआरसी परिसर में बुधवार को एचसीएल फाउंडेशन के विशेष सहयोग से एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका संयोजन खंड विकास अधिकारी मनोज कुमार बोस ने किया।
कार्यक्रम में विकासखंड कछौना के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं, उत्कृष्ट शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों व विद्यालय में बेहतर स्वच्छ शैक्षिक परिवेश रखने में अव्वल विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शैक्षिक भ्रमण पर गई उत्कृष्ट शिक्षकों की टीमों को कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मुख्य अतिथि बीएसए हेमंत राव के द्वारा प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह देकर हौसला अफजाई करते हुए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं ने बाल विवाह कुप्रथा पर सामूहिक नाटक प्रस्तुत किया। जिसकी तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उपस्थित लोगों ने सराहना की। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आज देश की जिन दो महान विभूतियों का जन्म दिवस है, उनका जीवन हमारे लिए मार्गदर्शक को भांति है। उन्होंने हमें दिखाया कि यदि हम चाहें तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। हम सबको उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। बेसिक शिक्षा में सीमित संसाधनों के बावजूद शिक्षा की क्रांति की झलक साफ दिख रही है। सभी शिक्षक अपने बेहतर शैक्षिक अनुभवों को एक दूसरे से साझा करते हुए बच्चों को बेहतर शिक्षण देने के लिए प्रयासरत रहें। आधुनिक समय में बदलाव को देखते हुए बच्चे शैक्षिक गतिविधियों के अलावा अन्य विधाओं में भी आगे बढ़ें इस पर शिक्षकों को विशेष ध्यान देना चाहिए। अपनी क्षमता और व्यक्तित्व में बदलाव करते हुए बेसिक शिक्षा को नए आयामों तक पहुंचाना ही शिक्षकों का लक्ष्य होना चाहिए।
बेसिक शिक्षा अधिकारी ने शिक्षा के क्षेत्र में विशेष सहयोग के लिए एचसीएल फाउंडेशन का विशेष आभार व्यक्त किया। खंड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार बोस कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से विकासखंड कछौना में उत्कृष्ट कार्य कर रहे शिक्षकों और प्रतिभाशाली छात्रों को प्रोत्साहित करने का एक छोटा सा प्रयास किया गया है। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन में एचसीएल फाउंडेशन के ऑपरेशन हेड योगेश जी, आशीष कुमार, मानवेंद्र सिंह व भुवाल प्रजापति के विशेष योगदान के लिए उनका आभार प्रकट किया। एचसीएल फाउंडेशन के मानवेंद्र सिंह ने भारत के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के हृदयवान चरित्र का वर्णन करते हुए बताया कि उनके प्रधानमंत्री कार्यकाल के दौरान प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज से उन्हें लगने वाली चोटों को देखते हुए शास्त्री जी ने पानी की बौछार द्वारा भीड़ को तितर-बितर करने की पहल की। सरकारी बसों में महिला कंडक्टर के होने का सपना जो आज साकार हो चुका है वह शास्त्री जी की सोच का नतीजा है। मानवेंद्र सिंह जी के संबोधन के साथ ही कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि बीएसए हेमंत राव, खंड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार बोस, एचसीएल के आशीष, मानवेंद्र सिंह, भुवाल प्रजापति, शिक्षकगणों में प्रशांत कुमार जायसवाल, रजाबक्श सिंह, योगेश कुमार, रीना देवी, प्रदीप कुमार, अखिलेश कुमार, सरिता कुमारी, ओमप्रकाश, ऋषि देव यादव, गीता देवी, आदर्श कुमार कनौजिया, आदर्श कुमार, संतोष कुमार मिश्रा, नीलम सिंह, रश्मि दुबे, मेनका देवी, शशि कला देवी, रेनू, प्रशांत मिश्रा, सत्येंद्र सिंह, लाल बहादुर सिंह श्रवण कुमार कनौजिया, रामनरेश त्रिपाठी, पप्पू मिश्रा आदि शिक्षक और विभिन्न विद्यालयों के नौनिहाल बच्चे मौजूद रहे।