जाने-माने पत्रकार शीतला सिंह का निधन, मुख्यमंत्री ने जताया दुःख

लखनऊ, 16 मई– देश के जाने माने पत्रकार और हिन्दी दैनिक जनमोर्चा के प्रधान संपादक शीतला सिंह के निधन पर मुख्यमंत्री आदित्य नाथ योगी ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने शीतला सिंह के निधन को पत्रकारिता जगत के लिये बहुत बड़ी क्षति बताते हुए आत्मा के शान्ति की कामना की।

यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन (यूपीडब्लूजेयू) ने गहरा दुख व्यक्त जताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है। यूपीडब्लूजेयू अध्यक्ष टीबी सिंह ने कहा कि शीतला सिंह प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश के पत्रकारों के लिए एक मिसाल थे। शीतला सिंह ने पूरा जीवन लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष किया और पत्रकारों के हित में हमेशा आगे बढ़ाकर काम करते रहे। वो यूपीडब्लूजेयू के शीर्ष नेतृत्व का हिस्सा भी रहे हैं और उनके संरक्षण में कुशल पत्रकारों की एक बड़ी पौध विकसित हुयी। उन्होंने सहकारिता के माडल पर समाचार पत्र चलाने का एक अनूठा उदाहरण पेश किया औऱ सफलतापूर्वक इसे जनमोर्चा में लागू कर दिखाया था।

शीतला सिंह का मंगलवार को अयोध्या के एक अस्पताल में निधन हो गया। यूनियन अध्यक्ष टीबी सिंह ने उनके शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें दुख की इस घड़ी में साहस प्रदान करने की ईश्वर से कामना की है।

हरदोई मे हरदोई पत्रकार एसोसिएशन की ओर से जिला संवाददाता राघवेन्द्र कुमार के आवास पर शृद्धाञ्जलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पत्रकारिता की पाठशाला के रूप मे गोलोकवासी शीतला सिंह का स्मरणकर उनके बताये हुए मार्ग पर चलने का प्रण लिया गया।