किसान यूनियन ने जलाई गन्ने व धान की फसल की होली

                 हरदोई- यूपी की योगी सरकार ने गन्ने का समर्थन मूल्य सिर्फ 10 रुपए प्रति क्विंटल बढ़ाने का निर्णय लिया जिसको लेकर किसानों का गुस्सा फूट गया है। योगी सरकार के फैसले के खिलाफ भारतीय किसान यूनियन के तमाम नेताओं ने कलेक्ट्रेट में गन्ने व धान को जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया। इस मौके पर बड़ी संख्या में किसानों ने प्रदर्शन किया।
                हरदोई में गन्ने के समर्थन मूल्य में मामूली बढ़ोतरी के विरोध में शनिवार किसानों ने विरोध-प्रदर्शन कर गन्ने व धान की होली जलाई। गौरतलब है कि गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग राज्यमंत्री सुरेश राणा ने शुक्रवार को गन्ना मूल्य में 10 रुपये प्रति क्विंतल की वृद्धि के साथ ही ढुलाई भाड़े में लगभग 50 फीसदी कमी की घोषणा की थी। लेकिन किसान संगठनों व राजनीतिक दलों ने इस बढ़ोतरी को ऊंट के मुंह में जीरा बताया और प्रदेश सरकार पर शुगर लॉबी के दबाव में काम करने का आरोप लगाया था।इसी क्रम में शनिवार को किसान संठनों ने कलेक्ट्रेट में गन्ने व धान की होली जलाकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
                 राजबहादुर सिंह यादव जिलाध्यक्ष किसान यूनियन नेता ने कहाकि सरकार ने गन्ना मूल्य में सिर्फ 10 रुपये की वृद्धि कर गन्ना किसानों के साथ भद्दा मजाक किया है। भाकियू इससे संतुष्ट नहीं है। उत्तर प्रदेश सरकार गन्ना मूल्य पर पुनर्विचार कर अपने संकल्प पत्र में किए वादे के अनुसार गन्ना मूल्य 450 रुपये प्रति क्विंटल घोषित कर किसानों को लाभकारी मूल्य दे।किसानों के प्रदर्शन को देखकर सिटी मजिस्ट्रेट ने कार्यालय के बाहर आकर उनका ज्ञापन लिया।किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस बल भी लगाया गया था।