अपने ही दोस्त से की चौदह हजार की लूट

पिहानी। सौरभ सिंह
दो युवकों ने आपस में मिलकर अपने दोस्त को लूटने का ऐसा कुकृत्य कर डाला, जिससे दोस्ती के रिश्ते को फिर कलंकित होना पड़ा। हालांकि वे अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हुए। उनकी इस करतूत को ग्रामीणों ने देख लिया, उनकी धुनाई की और फिर पुलिस के हवाले कर दिया। पिपरिया बाईपास लखीमपुर निवासी मोहित और लालपुर कॉलोनी लखीमपुर निवासी जयदयाल ने चंदापुरवा निवासी गल्ला व्यापारी इरफान को लूटने की योजना बनाई और घटना को अंजाम दिया लेकिन वे इसमें सफल नहीं हुए। लखीमपुर जिले से जमीनी सम्बन्ध रखने वाला मोहित अपने मित्र जयदयाल को लेकर खेरवा-करावां निवासी अपने मामा राजेश के यहां गुरुवार को आया था। शुक्रवार को मोहित और जयदयाल पिहानी थाना क्षेत्र के चंदापुरवा गांव के रहने वाले इरफान से मिलने गए और किसी दुकान पर ठंडा पिलाने के बहाने उसमें कोई नशीला पदार्थ मिलाकर इरफान को पिला दिया। इसके बाद बाइक से तीनों पिहानी-करावां मार्ग की ओर बढ़ चले। नशीले पदार्थ का असर शुरू होते ही इरफान अचेत सा होने लगा। इसी बीच बाइक रोककर मोहित और जयदयाल ने इरफान की तलाशी लेना शुरू कर दिया। इसी दौरान पहले एक किसान और फिर आसपास के लोगों ने दोनों को इरफान की जेब से पैसे निकालते देखा। मौजूद लोगों ने मौके पर जाकर माजरा समझ लेने के बाद मोहित और जयदयाल की जमकर धुनाई की और फिर दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी मोहित ने स्वीकार किया कि वह और जयदयाल इरफान से लूट करने के इरादे से आये थे और उसकी जेब से वे 14000 रुपये भी निकाल चुके थे। दोनों के पास से पुलिस को बाइक भी मिली है जो मोहित के चाचा शिवकुमार की है। बताते चलें कि लूट का आरोपी मोहित ट्रक ड्राइवर है और उसका ट्रक से अनाज लेकर एफसीआई पिहानी आना-जाना लगा रहता था। उसने यह भी स्वीकारा कि वह इरफान के साथ मिलकर अनाज में कालाबाजारी भी करता था, इसी के चलते दोनों में पुरानी जान-पहचान थी, जिसका गलत फायदा उठाकर मोहित ने अपने साथी जयदयाल के साथ मिलकर इरफान को लूटने की योजना बनाई। उसने बताया कि वह इरफान को गेंहू खरीद के बहाने उसके घर से बुलाकर ले गया था लेकिन उसकी मन में पहले से ही कुछ और चल रहा था और एक प्री-प्लानिंग के तहत ही उसने इस घटना को अंजाम दिया लेकिन अपने इस कुकृत्य में वह और उसका साथी दोनों असफल रहे।