आज होगा कछौना के महाराजा का आगमन, विधि विधान से पूजन अर्चन के बाद पांडाल में विराजेंगे गणपति

दीपक कुमार श्रीवास्तव

कछौना (हरदोई) – हिंदू कैलेंडर के अनुसार भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि को भगवान श्री गणेश का जन्म उत्सव मनाया जाता है, जिसे गणेश चतुर्थी के नाम से भी जाना जाता है । गणेशोत्सव के त्यौहार को महाराष्ट्र में बड़े ही धूमधाम से मनाने की परंपरा है । लेकिन मराठा समाज का मुख्य पर्व गणेश महोत्सव अब काफी विस्तार ले रहा है। विगत कई वर्षों से यह त्यौहार महाराष्ट्र के अलावा देश भर के विभिन्न स्थानों पर पारंपरिक पर्व के रूप मैं मनाया जा रहा है । जनपद हरदोई के कस्बा कछौना में पिछले सात वर्षों से गणेश चतुर्थी के पर्व को लोग बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मना रहे हैं । प्रत्येक वर्ष गणेश चतुर्थी के अवसर पर नगर में आयोजक समिति के द्वारा गणेश महोत्सव का आयोजन किया जाता है । नगर कछौना में प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी गणेश चतुर्थी पर आयोजित पांच दिवसीय गणेश महोत्सव की तैयारियां पूर्ण हो चुकी है। महोत्सव को लेकर कस्बे के पुरानी बाजार स्थित गोल बिल्डिंग के पास स्थित प्रांगण में विशेष कारीगरों द्वारा आकर्षक एवं भव्य पांडाल तैयार किया गया है। रात में विद्युत लेजर लाइट व एलईडी लाइट के साथ-साथ साज-सज्जा से जगमग पांडाल देखते ही अपनी ओर आकर्षित करता है । सोमवार को भगवान शिव और माता पार्वती के लाडले, प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश की भव्य प्रतिमा की पांडाल में स्थापना के साथ ही अष्टम भव्य श्री गणेश महोत्सव की शुरुआत होगी।

        नगर कछौना में सोमेश्वर महादेव सेवादार समिति द्वारा आयोजित पांच दिवसीय अष्टम भव्य श्री गणेश महोत्सव की शुरुआत सोमवार 2 सितंबर को गणेश चतुर्थी से होगी । सोमेश्वर महादेव सेवादार समिति द्वारा यह बताया गया है कि सोमवार को प्रातः 11:00 बजे भगवान श्री गणेश की भव्य स्थापना शोभायात्रा नगर में निकाली जाएगी जिसके बाद कार्यक्रम स्थल पर भूमि पूजन होगा और फिर विधि विधान पूर्वक पूजा अर्चना के साथ भगवान श्री गणेश की भव्य मूर्ति पंडाल में स्थापित की जाएगी । इस बार गणेश महोत्सव के माध्यम से आम जनमानस को जल संरक्षण, पाॅलीथीन मुक्त भारत, बेटी बचाओं-बेटी पढ़ाओं, स्वच्छता अभियान और अनेकता में एकता का संदेश दिया जाएगा । सोमेश्वर महादेव सेवादार समिति के सदस्य पंकज शुक्ला ने बताया कि गणेश चतुर्थी कस्बे का पारंपरिक त्यौहार बन चुका है । जिसकी नींव नेताजी राव मराठा के द्वारा लगभग आठ साल पूर्व डाली गई थी । गणेश महोत्सव के आगमन को लेकर क्षेत्र की जनता में एक अलग ही उत्साह रहता है । गणेश महोत्सव को लेकर क्षेत्र के आम जनमानस की श्रद्धा, रुचि व लगाव का ही परिणाम है कि आयोजक समिति लगातार कई वर्षों से गणेश महोत्सव की क्षेत्रीय लोगों में बढ़ती लोकप्रियता और समर्थन के चलते इसके आयोजन को लेकर तत्पर है । प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी पांच दिवसीय श्री गणेश महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है । जिसकी शुरुआत सोमवार से होगी l पहले दिन आरती के पश्चात रात 8:00 बजे सुंदरकांड पाठ होगा जिसके बाद प्रसिद्ध जादूगर सौरभ सरकार का जादू शो होगा। मंगलवार को भव्य जागरण, बुधवार को बाल उत्सव, गुरुवार को हास्य कवि सम्मेलन और शुक्रवार को भव्य शोभायात्रा निकालकर मूर्ति विसर्जन के साथ गणेश महोत्सव का समापन होगा। समिति के सदस्यों के द्वारा नगर वासियों से अपील की गई है कि सोमवार को बढ़-चढ़कर शोभायात्रा में भाग लेते हुए बप्पा के आगमन का स्वागत करें ।