पुलिस ने अवैध पटाखा फैक्ट्री का भाण्डाफोड़ करते हुए एक आरोपित को किया गिरफ्तार

हरदोई। लोनार इलाके में पुलिस ने घर में चल रही अवैध पटाखा फैक्ट्री का भाण्डाफोड़ करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। सूचना पर पुलिस ने अवैध पटाखा सामग्री सहित दबोच लिया। 

बताया गया कि लोनार थाना क्षेत्र के जगदीशपुर निवासी नीरज कुशवाहा अपने घर में अवैध पटाखा बनाने का कार्य करता था। आरोपित घर से ही पटाखा सामग्री सप्लाई करता था। पुलिस ने सूचना पर अवैध पटाखा का खुलासा कर सामग्री सहित आरोपित को दबोच लिया। पुलिस ने दो कार्टून, दो प्लास्टिक बोरी समेत अधिक मात्रा में खुले अवैध पटाखे बरामद किए है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और अन्य विधिक कार्रवाई में जुटी है।

एएसपी पश्चिमी दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि पटाखा फैक्ट्री के सत्यापन का कार्य चल रहा है। लोनार थाना क्षेत्र के जगदीशपुर में अवैध पटाखा बनाने वाले एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। आरोपित के पास से पुलिस ने बड़ी मात्रा में पटाखा बनाने सामग्री रिकवर की है। आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है।