हरदोई: 129 बोरी मैदा चोरी की मैदा समेत पुलिस ने ट्रक चालक और हेल्पर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ट्रक मालिक की तलाश में जुटी हुई है। दोनों को पुलिस ने जेल भेज दिया।
शहर कोतवाली क्षेत्र में स्थित बाबा फ्लोर मिल से ट्रांसपोर्ट से 320 बोरी मैदा नई दिल्ली भेजी गई थी। कई दिन बीत जाने के बाद भी जब मैदा नई दिल्ली नहीं पहुंची तो फ्लोर मिल संचालक ने इसकी सूचना ट्रांसपोर्टर को दी। इसके बाद ट्रांसपोर्टर ने जानकारी की लेकिन मैदा और ट्रक चालक व हेल्पर का कोई पता नहीं चला। ट्रासंपोर्टर मिथिलेश मिश्रा ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। गुरुवार को पुलिस ने शुगर मिल कालोनी के पास से 129 बोरी मैदा की बरामद करते हुए ट्रक चालक और हेल्पर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम दिनेश पुत्र हेतराम निवासी रौरा थाना जहांगीराबाद जनपद बुलंदशहर और हेल्पर ने अपना नाम सोनू पुत्र सतीश निवासी नवीन नगर थाना जहांगीराबाद जनपद बुलंदशहर बताया। उन्होंने बताया कि ट्रक मालिक भी उनके इस काम में मिले हुए हैं। 191 बोरी मैदा उन लोगों ने धीरे-धीरे करके बेंच ली थी और 129 बोरी मैदा बेंचने के प्रयास में लगे हुए थे। गल्ला मंडी चैकी प्रभारी ओपी सिंह ने बताया कि जल्द ही ट्रक मालिक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।