45 भेड़ों की मौत, दर्जनों घायल

            हरदोई- जिले में तेंदुए और अन्य खतरनाक जानवरों से लोगों में दहशत फैलती जा रही है। रात के सन्नाटे में एक खतरनाक जंगली जानवर ने लगभग 45 भेड़ों को अपना शिकार बना कर मौत के घाट उतार दिया। ग्रामीणों में भय की स्थिति बनी हुई है।
           शहर कोतवाली क्षेत्र के बहती ग्रामसभा के फिरोजपुर में रात हुई घटना से इलाके में खौफ का माहौल बना हुआ है। गांव में एक सरकारी खाली पड़े बाजार घर में बंधी करीबन सौ भेड़ों में से खतरनाक जानवर ने 45 भेड़ो को अपना शिकार बनाकर उनको मौत के घाट उतार दिया। वहीं दर्जनों भेड़ों को घायल कर दिया। घायल भेड़ों की स्थिती नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। इन भेड़ों में राम सिंह और सतेंद्र कुमार की भेड़ों की मौत हो गई है और अन्य लोगों की भेड़ें घायल हैं।
             इस मामले पर गांव वालों ने जानकारी दी जब भेड़ों के चिल्लाने की आवाज आई तो सभी गांव वाले हरियाली मार्केट की तरफ गए। इस पर गांव वालों ने इलाके के आस-पास टोर्च लेकर पड़ताल की तो उन्होंने किसी बड़े जानवर की आहट महसूस की और कई लोगों ने जानवर को देखा भी। किसी ने इस जानवर को तेंदुआ बताया तो किसी ने बाघ व किसी ने भालू होने की बात कही। वहीं घटना स्थल पर किसी बड़े जानवर के पंजों के निशान भी देखने को मिले है। घटना के बाद कोई भी प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। पशु चिकित्सक भी घायल भेड़ों के इलाज के लिए नहीं पहुंचे, महज कंपाउंडर को भेज घायल भेड़ों का इलाज शुरू कराया गया।