29 हजार की नक़दी, अंगूठी व मोबाइल लूट घायल अवस्था में हाइवे पर छोड़ा

                   बारात गए युवक को बारात से ले जाकर उसके दोस्त ने अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर लूट लिया और बेहोशी की हालत में मंदिर के किनारे डालकर भाग निकले। मंदिर के पुजारी की सूचना पर पहुंचे परिजन उसे पुलिस के पास ले गए जहां से पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
                मामला हरदोई के माधौगंज थाना क्षेत्र का है। यहां मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के भगवंतनगर निवासी नीरज पुत्र नन्हेंलाल एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए माधौगंज थाना क्षेत्र के सेउड़ही गांव गया था। परिजनों को लखनऊ हरदोई मार्ग पर काली मंदिर के पुजारी से सूचना मिली कि एक युवक घायल व बेहोशी की हालत में पड़ा है तो परिजन मौके पर पहुंचे और युवक को माधौगंज थाने ले गए जहां से उसे जिला अस्पताल लाया गया और भर्ती कराया गया।
              घायल के भाई ने बताया कि उसके भाई को उसका दोस्त आशीष बारात से अपनी कार से लिवा ले गया। कार में चार और लोग थे। उन लोगों ने उसे बघौली रोड पर ले जाकर मारापीटा और उसके पास से 29 हजार रुपये, अंगूठी,मोबाइल लूट लिया और उसे सड़क किनारे डाल गए। घायल का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले में तहरीर मिलने से इनकार किया है।