इलाहाबाद में गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती नदियों के संगम पर माघ और फाल्गुन (जनवरी एवं फरवरी) माह में छह वर्ष के अंतराल पर आयोजित मेले को कुंभ और बारह वर्ष के अंतराल पर आयोजित मेले को महाकुंभ कहा जाएगा। इसके अतिरिक्त प्रतिवर्ष माघ की पूर्णिमा और फाल्गुन माह में पड़ने वाले महा शिवरात्रि दिवस के मध्य आयोजित होने वाले धार्मिक मेले को माघ मेला कहा जाएगा।
इस संदर्भ में शासन द्वारा उत्तर प्रदेश प्रयागराज मेला प्राधिकरण, इलाहाबाद की स्थापना करते हुए जारी की गई अधिसूचना में संगम क्षेत्र पर आयोजित मेलों को कुंभ, महाकुंभ और माघ मेला नाम दिया गया है। ज्ञातव्य है कि संगम क्षेत्र पर प्रत्येक छह वर्ष और बारह वर्ष के अंतरालों पर अर्द्ध कुंभ और कुंभ मेले का आयोजन किया जाता रहा है। उत्तर प्रदेश प्रयागराज मेला प्राधिकरण, इलाहाबाद की स्थापना कर जारी की गई अधिसूचना में अर्द्धकुंभ मेला और कुंभ मेला का नाम परिवर्तित कर कुंभ मेला और महाकुंभ मेला रखा गया है।