नगर पंचायत कछौना पतसेनी के मुख्य मार्ग पर वर्तमान समय में सैकड़ों ई-रिक्शा मानकों पर रखकर दौड़ाए जा रहे हैं । खास बात यह है कि अधिकांश नाबालिग बच्चों द्वारा बड़े पैमाने पर ड्राइविंग करते देखा जा सकता है। जिसके चलते आए दिन कोई न कोई दुर्घटना घट जाती है । इसी को ध्यान में रखते हुए बुधवार को कछौना पुलिस ने अवैध रिक्शा चालकों में से चार रिक्शा चालकों पर संबंधित धाराओं में कार्यवाही की । उप निरीक्षक राकेश चंद्र आनंद ने सख्त हिदायत दी कि किसी भी स्थिति में नाबालिग बच्चों द्वारा न चलाया जाए । क्षमता से ज्यादा सवारी न बैठाएं और आवश्यक कागजात लेकर चलें । जाम की स्थिति न बनाएं ।
ई-रिक्शा चालकों के मनमाने तरीके से ड्राइविंग के चलते आए दिन दुर्घटनाओं व जाम की स्थिति बन जाती है । जिससे वाहनों की कतारें लग जाती हैं । रिक्शाचालक सवारी के लालच में बिना कोई संकेत सूचक दिए मोड़ देते हैं । वहीं कछौना चौराहे पर बैरीकेटिंग की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है । चौराहा होने के कारण हमेशा लोगों का आवागमन रहता है । वाहनों की गति में कोई कमी नहीं पड़ती है । कोई स्पीड ब्रेकर व बैरीकेटिंग ना होने के कारण हादसों में इजाफा हो रहा है। कुछ माह पूर्व गोलू हलवाई की तेज गति से आ रहे ट्रक की चपेट में आने से दर्दनाक मृत्यु हो गई थी । जिम्मेदार अधिकारी इस घटना के बाद भी नहीं चेते । शायद कोई बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं । इस समस्या के बारे में प्रभारी निरीक्षक राकेश चंद्र आनंद ने बताया कि यह अभियान चलता रहेगा व बैरिकेटिंग की तत्काल व्यवस्था कराई जाएगी ।