मणिपुर की महिला शक्‍ति देश के लिए प्रेरणाश्रोत : प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी

आज इम्‍फाल के मणिपुर विश्‍वविद्यालय में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने भारतीय विज्ञान कांग्रेस का उदघाटन किया । उन्‍होंने इस अवसर पर वैज्ञानिकों से शोध कार्यों को देश के विकास के लिए उपयोगी बनाने का आग्रह किया । प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्‍य के विकास के लिए लगभग साढ़े सात सौ करोड़ रूपये की योजनाएं शुरू की गई हैं । इन योजनाओं से युवाओं का रोजगार पाने और महिलाओं को सशक्‍त बनाने तथा आपसी संपर्क व्‍यवस्‍था बढ़ाने का सपना पूरा हो सकेगा । श्री नरेन्‍द्र मोदी ने राज्‍य की खेल भावना की सराहना की । उन्‍होंने कहा कि मणिपुर की महिला शक्‍ति देश के लिए हमेशा प्रेरक रही है ।

विज्ञान कांग्रेस का मणिपुर विश्‍वविद्यालय पहली बार आयोजन कर रहा है । इसका विषय है:- विज्ञान और प्रौद्योगिकी के माध्‍यम से वंचितों तक पहुंचना । राष्‍ट्रीय खेल विश्‍वविद्यालय की प्रधानमंत्री ने आधारशिला भी रखी । उन्‍होंने मैरीकॉम क्षेत्रीय बॉक्सिंग फाउडेंशन का उदघाटन किया और कई अन्‍य विकास परियोजनाओं की भी शुरूआत की । पूर्वी इंफाल के लुवांगपोकपा क्रिकेट मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए श्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा कि पूर्वोत्‍तर भारत की प्रगति का नया इंजन बन सकता है । उन्‍होंने कहा कि वे हमेशा से कहते आ रहे हैं कि पूर्वोत्‍तर क्षेत्र का विकास किए बिना देश की विकास यात्रा पूरी नहीं हो सकती ।