
कछौना क्षेत्र के गौसगंज में पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर अवैध खनन का खेल धड़ल्ले से जारी है। यहाँ ग्राम कहली के निकट एक भट्ठे के पास से खनन माफिया शासन – प्रशासन की शय पर रात के अंधेरे में धरती का सीना चीर रहे है। सब कुछ जानकर भी राजस्वकर्मी एवं चौकी पुलिस खामोश है।
गौसगंज के कहली स्थित विश्राम सिंह महाविद्यालय के सामने एक ईंट भट्ठे के पास खनन माफियाओं ने जमीन को कई फुट गहरा खोद डाला। यहाँ जेसीबी मशीन से मिट्टी खनन कर कई ट्रैक्टर ट्रॉली लगाकर रात के अंधेरे में मिट्टी गौसगंज के एक निर्माणाधीन प्लॉट में डाली जा रही है। बीते कई दिनों से जारी इस अवैध खनन पर जब शनिवार की देर रात ग्रामीणों ने एतराज जताया तो मौके पर पहुंची चौकी पुलिस ने खनन माफियाओं को वहाँ से चलता कर दिया। इलाके में चल रहे इस तरह के बड़े पैमाने पर अवैध खनन को लेकर कई ग्रामीणों ने दबी जुबान में बताया कि अगर किसी किसान को चंद ट्रॉली मिट्टी की जरूरत पड़ती है तो वह थाने से लेकर चौकी सहित तहसील के चक्कर काटकर थक जाता है, लेकिन उसे स्वीकृति नहीं मिलती ।
इस पूरे प्रकरण पर जब चौकी गौसगंज प्रभारी राजपाल से बात की गयी तो वह पूरे प्रकरण से अंजान बनते नजर आये। वहीं जब थाना कासिमपुर के इंस्पेक्टर संजय मौर्या से इस प्रकरण पर बात की गयी तो उन्होंने पूरे मामले की छानबीन कर जल्द कार्रवाई की बात कही है।