केन्द्र ने फेसबुक उपभोक्ताओं की निजी जानकारी डाटा लीक मामले में कैंब्रिज एनालिटिका कंपनी को नोटिस जारी किया है। इलेक्ट्रॉनिकी तथा सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने विवादास्पद डाटा लीक मामले में इस राजनीतिक सलाहकार कंपनी से 31 मार्च तक जवाब देने को कहा है। जवाब न मिलने पर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जायेगी। मंत्रालय ने कहा है कि सरकार इस विषय पर गंभीर है और वह देश के नागरिकों की निजता के अधिकारों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। मंत्रालय ने कहा है कि सरकार सोशल मीडिया के सकारात्मक पक्ष की सराहना करती है लेकिन निजता के उल्लंघन को कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।