ठिठककर रह गया है, बाल-साहित्य और साहित्यकार

बाल-दिवस (१४ नवम्बर) के अवसर पर विशेष प्रस्तुति

प्रयागराज। डिज़टल-दुनिया की मुट्ठी आज मे सारा संसार जिस तरह से सिमट कर रह गया है, उसके प्रति विशेष चिन्ता व्यक्त करते हुए,
‘सर्जनपीठ’ की ओर से सारस्वत सदन, आलोपीबाग, प्रयागराज से बाल-दिवस की पूर्व-संध्या मे (‘पूर्व संध्या पर’ अशुद्ध है।) ‘ठिठक कर रह गया है, बाल-साहित्य और साहित्यकार’ विषय पर १३ नवम्बर को एक राष्ट्रीय आन्तर्जालिक बौद्धिक परिसंवाद का आयोजन किया गया था।

पूर्व-आइ० ए० एस०-अधिकारी एवं साहित्यमहामहोपाध्याय डॉ० सुरेन्द्रकुमार पाण्डेय ने कहा– बालसाहित्य पर संकट नहीँ है, बल्कि उसके अध्ययन पर है। ‘किसी तरह’ बच्चोँ, बूढ़ोँ और जवानो मे पढ़ने के प्रति जागरूक करना होगा, तभी बालसाहित्यरचना के प्रति साहित्यकार उद्यत दिखेगा।

लगभग छ: सौ बाल-पुस्तकोँ के लेखक, आयोजक, व्याकरणवेत्ता एवं भाषाविज्ञानी आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय ने बताया– इलेक्ट्रॉनिक-डिज़िटल मीडिया तथा शासकीय पुस्तकक्रय-नीति ने मुद्रित बाल-साहित्य के विस्तार को लगभग लील लिया है, जिसका परिणाम है कि प्रकाशक बालसाहित्य की पुस्तकोँ मे कोई रुचि नहीँ ले रहा है। दूसरी ओर, बालसाहित्यकारोँ का एक वर्ग अपनी रचनाओँ के प्रति आत्ममुग्ध होते हुए, स्वयं के ख़र्च पर छपवा रहा है, जिसके लिए पाठक भी नहीँ हैँ। ऐसे मे, प्रकाशकोँ को नयी दृष्टि का परिचय देना होगा।

ए० आर० पी०, बाराबंकी लक्ष्मीराज ने कहा– बाल-साहित्य और साहित्यकारोँ को प्रोत्साह करने के लिए बहुत कुछ करने की आवश्यकता है। बालसाहित्य का अनुशासित प्रयोग बहुत ज़रूरी है। इस आयोजन को अभियान का रूप देना होगा।

उर्वशी उपाध्याय ने कहा– बाल-साहित्य थोड़ा-बहुत लिखा जा रहा है; परन्तु वह भी बच्चोँ तक नहीँ पहुँच रहा है। इसके मूल कारण मे हर हाथ मे मोबाइल फ़ोन का होना है, जो हर स्तर के पाठक को तृप्त करता आ रहा है।