प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 27 और 28 अप्रैल को चीन की यात्रा पर रहेंगे और वहां वुहान शहर में चीन के राष्ट्रपति शी चिनपिंग के साथ अनौपचारिक शिखर बैठक करेंगे। द्विपक्षीय बैठक के बाद विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने चीन के विदेश मंत्री वांग यी के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में प्रधानमंत्री की इस यात्रा की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह बैठक दीर्घकालिक संवाद का मार्ग प्रशस्त करने तथा द्विपक्षीय और अन्तरराष्ट्रीय मुद्दों पर अपने विचार साझा करने का एक महत्वपूर्ण अवसर होगा। भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी चीन के वुहान शहर में चीन जनवादी गणराज्य के राष्ट्रपति शी चिनपिंग जी के साथ अनौपचारिक शिखर वार्ता के लिए 27-28 अप्रैल को चीन आ रहे हैं। विदेश मंत्री वांगी जी के साथ हुई मेरी बातचीत में हमने नेताओं की इस शिखर वार्ता की तैयारियों पर चर्चा की।
श्रीमती सुषमा स्वराज ने कहा कि नाथुला दर्रे से कैलाश मानसरोवर यात्रा इस साल फिर से शुरू हो जाएगी। उन्होंने बताया कि चीनी पक्ष ने 2018 में ब्रहमपुत्र और सतलुज नदियों पर आंकडों को साझा करने की पुन: शुरूआत करने के लिए भारत को आश्वस्त किया। श्रीमती स्वराज ने कहा कि दोनों पक्षों ने आपसी संबंधों के कई आयामों की समीक्षा की और आपसी हित के क्षेत्रीय और अन्तर्राष्ट्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने आज पेइचिंग में चीन के विदेश मंत्री वांग यी से मुलाकात की और कई द्विपक्षीय मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। दोनों नेताओं ने चीन और भारत के बीच विभिन्न क्षेत्रों में परस्पर संबंध सुधारने और इन्हें मजबूत बनाने के लिए उच्चस्तरीय वार्ताओं के उपायों पर भी चर्चा की। हमने अपनी वार्ताओं की गति बनाए रखने पर भी सहमति व्यक्त की है। हमने दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी संपर्क को और मजबूत करने पर चर्चा की ताकि दोनों देशों के लोगों का एक-दूसरे के और नजदीक लाया जा सके।