प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह ने कहा है कि सरकार पाकिस्तान के साथ राजनयिक और सैन्य दोनों ही स्तर पर समस्याओं के समाधान की कोशिश कर रही है। जम्मू में संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा कि कश्मीर घाटी में पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद अब खत्म होने ही वाला है और कश्मीर के बारे में जो भी निर्णय लिया जाएगा, वह राष्ट्र हित में होगा।
इस अवसर पर डॉ. सिंह ने रमज़ान महीने के दौरान सुरक्षाबलों द्वारा कश्मीर घाटी में एकतरफा संघर्षविराम और घाटी के सभी पक्षों के साथ बातचीत किये जाने के बारे में गृहमंत्री के हाल के वक्तव्य का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ये निर्णय सामान्य परिस्थिति में ही लागू होगा और राष्ट्रीय सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।