सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर डीएम जेबी सिंह व एसपी लल्लन सिंह ने तहसील मनकापुर में आयोजित जिला स्तरीय सम्पूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की शिकायतें सुनीं और उनके निराकरण के आदेश दिए। तहसील मनकापुर में डीएम जेबी सिंह ने अधिकारियों को सख्त निर्देेश देते हुए कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतें जो भी लम्बित हैं उनका निस्तारण एक पक्ष के अन्दर हर हाल में हो जाना चाहिए।
उन्होने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त लम्बित शिकायतों की संख्या शून्य हो जानी चाहिए। उन्होने कहा कि व्यक्तिगत रूचि लेकर जनता की शिकायतों को सुनें और उनका निस्तारण करें। जिला स्तरीय सम्पूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे डीएम जेबी सिंह ने सबसे पहले लम्बित शिकायतों की समीक्षा की तोे ज्ञात हुआ कि तहसील मनकापुर में 82 शिकायतें निस्तारण हेतु विभिन्न स्तरों पर लम्बित पाईं गईं जिन्हें तीन दिन के भीतर निस्तारित करने हेतु डीएम ने निर्देश दिए। लम्बित शिकायतों में 48 शिकायतें सी श्रेणी में तथा 34 शिकायतें ऐसी पाई गई जिनकी आख्या अप्राप्त रही। सम्पूर्ण समाधान दिवस में ज्यादातर शिकायतें भूमि विवाद से सम्बन्धित पाई गई जिस पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए लेखपालों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने पर चेतावनी दी है। डीएम ने राजस्व निरीक्षकों को वहीं पर तलब कर लेखपालों की रिपोर्ट पर आंख मूंदकर संस्तुति न करने की हिदायत दी। उन्होने कहा कि ज्यादातर शिकायतें का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण न होने के कारण शिकायतें सी श्रेणी में चली जा रही हैं जिससे जनपद की रैंकिंग खराब हो रही है। उन्होने सभी राजस्व निरीक्षकों को सख्त चेतावनी दी अब सी श्रेणी में शिकायतें आने पर सीधे राजस्व निरीक्षकों के खिलाफ कार्यवाही होगी। सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों में 80 प्रतिशत शिकायतें चकमार्गों, तालाबों पर अवैध कब्जे की रहीं। इसके अलावा विद्युत विभाग तथा पूर्ति विभाग की भी कई शिकायतें प्राप्त हुईं। डीएम ने सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर निस्तारण करने के निर्देश दिए। जमीनी विवादों को निस्तारण करने के लिए पुलिस व राजस्व की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर जाकर निष्पक्ष व गुणवत्तापूण निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में ही राजस्व निरीक्षकों ने पिछले तीन माह से वेतन न मिलने की शिकायत की जिस पर डीएम ने मुख्य राजस्व अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। समाधान दिवस के दौरान पुलिस अधीक्षक लल्लन सिंह, सीडीओ अशोक कुमार, एसडीएम मनकापुर बी0के0 प्रसाद, सीओ मनकापुर शंकर प्रसाद, डीडीओ रजत यादव, तहसीलदार मनकापुर, डीपीआरओ घनश्याम सागर, डीपीओ अजयदीप सिंह, बीएसए संतोष कुमार देव पाण्डेय, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा0 आर0पी0 यादव, डीडी एग्राकल्चर मुकुल तिवारी, जिला कृषि अधिकारी विनय सिंह तथा अन्य विभागीय अधिकारी व फरियादीगण उपस्थित रहे।