
(प्रख्यात भाषाविद्-समीक्षक)
डॉ० पृथ्वीनाथ पाण्डेय (क्रीड़ा-समीक्षक)
नीदरलैण्ड्स-दल ने फ़ाइनल-प्रतिस्पर्द्धा में आज (५ अगस्त, २०१८ ईसवी) ऑयरलैण्ड-दल को ६-० के बड़े अन्तर से पराजित कर, ‘महिला विश्व कप’ पर अधिकार कर लिया है।
तुलना-स्तर पर नीदरलैण्ड्स की खिलाड़िनें ऑयरलैण्ड की खिलाड़िनों से खेल-प्रदर्शन के प्रत्येक विभाग में ‘पच्चीस’ दिखी थीं। ड्रिबलिंग से लेकर छोटे-छोटे पास देकर, अतीव आक्रामकता के साथ रक्षा-प्रतिरक्षा-तकनीक प्रदर्शित करते हुए, प्रतिद्वन्द्वी दल को हताश कर दिया था। यही कारण था कि चारों क्वार्टर मुक़ाबले में नीदरलैण्ड्स-दल ऑयरलैण्ड-दल के पाले में ही चुनौती देता रहा। सबसे बड़ी बात रही कि नीदरलैण्ड्स की खिलाड़िनों ने ‘पेनल्टि कॉर्नर’ का भरपूर लाभ लिया। उनकी दलीय भावना देखते ही बनती थी।
फ़ाइनल से पहले ऑयरलैण्ड-दल किसी भी रूप में नीदरलैण्ड्स की तुलना में उन्नीस नहीं दिख रहा था; किसी को उसके पराजित होने की आशा नहीं थी; परन्तु प्रदर्शन के स्तर पर बहुत पीछे छूटता जा रहा था। बहरहाल, इससे पूर्व ऑयरलैण्ड अपना शानदार प्रदर्शन करते हुए, सभी को विस्मित कर दिया था। ऑयरलैण्ड ने ही पिछले मैच में भारत के साथ ०-० पर चारों क्वार्टर मुक़ाबला किया था और पेनल्टि शूट में भारत को पराजित कर, अपनी आगे की यात्रा तय की थी।
इस प्रकार उक्त विश्व कप का स्वर्णपदक नीदरलैण्ड्स और रजतपदक ऑयरलैण्ड ने अर्जित किये।
सबसे बड़ी बात, शानदार खेल-भावना का परिचय देते हुए, ऑयरलैण्ड की सभी खिलाड़िनें अत्यन्त प्रसन्न हैं और हर्ष की ध्वनि कर रही हैं, इस उम्मीद के साथ— ‘कल’ हमारा होगा।
(सर्वाधिकार सुरक्षित : डॉ० पृथ्वीनाथ पाण्डेय, इलाहाबाद; ५ अगस्त, २०१८ ईसवी)