हरपालपुर – अपात्र को प्रधानमंत्री आवास दिए जाने की शिकायत करना शिकायतकर्ता को महंगा पड़ गया। आवास का लाभ पाए एक दूसरे लाभार्थी ने अपने साथियों के साथ मिलकर शिकायतकर्ता के घर पर धावा बोल दिया। इसके बाद उसे लोहे की रॉड मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने घायल को सी एच सी में भर्ती कराया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने गांव के तीन लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।
थाना क्षेत्र के गंधेडा गांव निवासी सुधीर ने 17 जुलाई को डी एम से गांव में अपात्रों को आवास देने की शिकायत की थी। शिकायत की भनक लगने पर प्रधानमंत्री आवास के दूसरे लाभार्थी सर्वेश ने अपने साथी राधेश्याम व बाबू के साथ मिलकर शिकायतकर्ता सुधीर के घर पर धावा बोल दिया।आरोपियो नेलोहे की राड से सुधीर 38 की जमकर पिटाई कर दी।ग्रामीणों ने डायल 100 नंबर व एंबुलेंस को फोन पर सूचना दी। जिस पर पहुंची एंबुलेंस ने घायल को सी एच सी हरपालपुर में भर्ती कराया। पीड़ित ने मामले की शिकायत थाने पर की। जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पीडित को डॉक्टरी परीक्षण के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक राय सिंह ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है ।