फंदे पर लटकता मिला छात्र का शव, परिजन बोले पेट दर्द से था परेशान 

         हरदोई- बघौली थाना क्षेत्र में एक छात्र का शव गांव के बाहर रस्सी से लटकता मिला। परिजनों ने आत्महत्या का कारण पेट दर्द से परेशान होना बताया है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की जांच पड़ताल कर शव का पोस्टमार्टम कराया।
         ग्राम राव बहादुर निवासी लेखराम (16) पुत्र शिवरतन बघौली के एक स्कूल में कक्षा नौ का छात्र था। लेखराम चार भाइयों में सबसे छोटा था। पिता के अनुसार लेखराम काफी समय से पेट दर्द से परेशान था। जिसका उपचार भी चल रहा था, लेकिन कोई फायदा नहीं मिल रहा था। गुरुवार की देर रात लेखराम घर से बिना बताए निकल गया। शुक्रवार की सुबह लेखराम का शव गांव के बाहर पेड़ में रस्सी से लटकता मिला। शव को लटकता देख ग्रामीणों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया।