गाँव के बाहर अज्ञात युवती का निर्वस्त्र शव बरामद, दुराचार की भी आशंका

ग्रामीणों ने जताई दुराचार के बाद युवती की सिर कूंच कर हत्या की आशंका ।

IV 24 न्यूज कौशांबी ब्यूरो चीफ एमडी मौर्य

कौशांबी। सैनी थाना क्षेत्र के अन्तर्गत पथरावा गांव के पूर्वी छोर रजबहा में एक अज्ञात युवती का शव बरामद हुआ। चौकीदार ने अज्ञात युवती के शव की सूचना सैनी थाना को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अज्ञात निर्वस्त्र युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सैनी थाना क्षेत्र के पथरावा ग्राम सभा के पूर्वी छोर रजबहा के बगल में गेहूं के खेत के बगल मे रखे पुआल की ढेर के पास युवती का निर्वस्त्र शव बरामद हुआ।

28 दिसंबर को सुबह ग्रामीण खेतों की तरफ शौच क्रिया के लिए गए हुए थे। ग्रामीणों की नज़र एकाएक पुआल की तरफ़ गई तो युवती के शव को देख ग्रामीण दंग रह गए। मृतका युवती की उम्र लगभग 20 वर्ष होगी। धान के पुआल के पास पडे एक युवती के निर्वस्त्र शव की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया। ग्रामीणों ने आनन फानन युवती के शव की सूचना चौकीदार को दी।

घटनास्थल पर पहुंची सैनी पुलिस ने ग्रामीणों द्वारा पहचान करवाने की कोशिश की गई लेकिन पहचान नहीं हो सकी। चर्चा के मुताबिक इस युवती की रेप के बाद सिर कूंच कर हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से 500 मीटर दूर आलू के खेत मे पड़े वस्त्र को अपने कब्जे में ले लिया और उसकी डेड बॉडी की चन्द क़दम की दूरी पर पर्स, सीसा, कंघा, मंगलसूत्र के साथ कई अहम सुराग पुलिस के हाथ लगे।

घटनाक्रम पर अपर पुलिस अधीक्षक समर बहादुर सिंह एस ओ जी कौशांबी टीम सहित पहुंच कर मामले को संज्ञान में लेते हुए छानबीन तेजी से करके जल्द ही खुलासा करने का आश्वासन दिया। मौके पर सैनी थाना प्रभारी, कड़ा धाम प्रभारी सहित अन्य थाने की पुलिस मौजूद रही। अज्ञात युवती के निर्वस्त्र शव के मिलने से ग्रामीणों में सनसनी फ़ैल गई।

अज्ञात युवती की रेप के बाद हत्या की आशंका

सैनी थाना क्षेत्र के पथरावा गांव के बाहर मिले अज्ञात निर्वस्त्र युवती के शव मिलने से ग्रामीणों में चर्चाओं का भी बाजार गर्म रहा।

ग्रामीणों के अनुसार बीती रात किसी अन्य क्षेत्र से लाकर गांव के बाहर रजबहा में पेड़ के नीचे युवती के साथ अज्ञात बदमाशों ने पहले दुराचार करने की कोशिश की होगी। दुराचार का विरोध करने पर बदमाशों के चंगुल से भाग रही युवती के अंगवस्त्र घटनास्थल से 500 मीटर दूर पेड़ के नीचे पुलिस को मिले। मृतका के सिर से काफ़ी मात्रा में खून भी निकला था। यानी किसी ईंट पत्थर या धारदार हथियार से सिर कूंचकर हत्या कर दी गई होगी। युवती के हत्या की गुत्थी तो पोस्ट मार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सुलझेगी।