हरदोई : बघौली थाना क्षेत्र के ग्राम दौलतपुर में रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पड़ा मिला। ग्रामीणों ने शव को पड़ा देख घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर आसपास के लोगों से शव की पहचान कराते हुए परिजनों को घटना की जानकारी दी।
ग्राम अहमदपुर निवासी सालिगराम ने शव की पहचान अपने पुत्र राहुल (25) के रूप में की। उन्होंने बताया कि राहुल चार भाइयों में छोटा था और उसकी दो वर्ष पूर्व पिहानी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नेवादा निवासी राम लाल की बेटी के साथ शादी हुई थी। सावन में राहुल की पत्नी अपने मायके गई हुई थी। गुरुवार देर रात राहुल घर से बिना बताए निकल गया था। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। शुक्रवार की सुबह उसका शव दौलतपुर में रेलवे ट्रैक पर डाउन लाइन के पास पड़ा मिला। शव को ग्रामीणों ने ट्रैक पर पड़ा देखा और घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से उसकी पहचान कराते हुए घटना की जानकारी परिजनों को दी। उन्होंने बताया कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि राहुल की मौत हादसे में हुई है या फिर उसने आत्महत्या की है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। बघौली थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।