साधु वेश में ठगों ने लालची को ठगा

माधौगंज (हरदोई)- साधुवेशधारियों ने गृह स्वामी को घर में धन गड़ा होने की बात बताकर उन्हें प्रभावित कर पूजा पाठ के नाम पर 21000 रूपये ठग लिये । पीड़ित ने चार लोगो के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई ।

थाना क्षेत्र के ग्राम सहिजना निवासी रामस्वरूप पुत्र मथुरा कश्यप ने दी तहरीर में कहा कि 14 अप्रैल को अपने गांव में था । सायं करीब 6 बजे साधू वेश में कलीम पुत्र नसीम, जितेंद्र पुत्र कैलाश, सहीम पत्नी कलीम निवासी गण मुरादाबाद बांगरमऊ जनपद उन्नाव व अतीक पुत्र हबीब ग्राम दारापुर नेवादा मल्लावां जनपद हरदोई मेरे घर पर आए और कहा कि बहुत भूख लगी है खाना खिलाओ व रुकने की व्यवस्था कर दो मै सुबह चला जाऊँगा । मैंने बाबा का सम्मान करते हुए उनके खाने पीने व रुकने की व्यवस्था कर दी । रात्रि में उन लोगो ने मुझे अपनी बातों से प्रभावित कर कहा कि तुम्हारे यहाँ बहुत सा सोना व धन गड़ा है । पूजा पाठ करने से तुम्हें मिल सकता है । जिसके लिए 21000 रूपये नगद की अर्जी लगानी होगी । मैंने उनकी बातों में आकर अपने गांव के नरपति पुत्र मुन्ना से रूपये लेकर 15 अप्रैल को दिन में माधौगंज चौराहे पर आकर उनको दिए । रूपये लेकर वह लोग यह कहकर चले गए कि कल आकर पूजा पाठ करेंगे । उन लोगो ने 17 अप्रैल को मेरे खेत में पूजा पाठ किया ।मुझे आँख बंद करके बैठने को कहा । खेत में गड्ढ़ा खोद कर एक चाँदी की थाकिया (सिल) वजन 500 ग्राम निकाल कर आधी हमें देकर कहा कि इसे बेचकर कन्याओं को भोजन कराओ जिसके बाद करोड़ो की दौलत निकलेगी । ऐसा कह कर वह लोग चले गए जिसके पश्चात चांदी के टुकड़े को सोनार के पास ले गया तब मुझे ज्ञात हुआ कि हमारे साथ धोखाधड़ी हुई है । जिसके बाद उन लोगो से रूपये मांगने पर मुझे जान माल की धमकी दी जा रही है ।