उत्कृष्ट सफाई व्यवस्था रखने वाले सभासद एवं सफाई कर्मचारी को पुरस्कृत किया जायेगाः डीएम

नगर एवं जनपद को साफ-सुधरा बनाने में अपना महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करेंः- पुलकित खरे

हरदोई जिलाधिकारी पुलकित खरे ने समस्त बुद्धिजीवियों, समाजसेवियों एवं जनपद वासियों से अपील की है कि नगर एवं जनपद को साफ-सुधरा बनाने में अपना महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करें और ऐसे स्थानों पर विशेष अभियान चलाकर सफाई में श्रमदान करें और जहां के लोग सफाई से उपेक्षित रहे हों वहां विशेष सफाई अभियान चलाया जाये।

उन्होने कहा कि पूज्य बापू जी के स्वास्थ्य मिशन के तहत सभी लोग अपने घर, गली, मोहल्लों एवं गांव को साफ करें ताकि कहीं भी सफाई के अभाव में किसी प्रकार की बीमारी न फैल सकें।

उन्होने नगरीय क्षेत्र की सफाई व्यवस्था के लिए समस्त नगर पालिका परिषद एवं नगर पालिका पंचायत के अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिये है कि 02 अक्टूबर तक सफाई जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है और इस दौरान संबंधित तहसील के उप जिलाधिकारी एवं अधिशासी अधिकारियों द्वारा सफाई अभियान की वार्डवार निरीक्षण 01 अक्टूबर 2018 को किया जायेगा और अपने वार्ड में उत्कृष्ट सफाई व्यवस्था रखने वाले सभासद एवं सफाई कर्मचारी को 02 अक्टूबर गांधी जयंती के अवसर पर पुरस्कृत भी किया जायेगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता एवं जन जागरूकता सप्ताह का सफल संचालन खण्ड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी, ग्राम प्रधान एवं नोडल अधिकारी द्वारा किया जायेगा और जनमानस को इस कार्य में सहभागिता के लिए प्रेरित भी किया जायेगा।