25 हजार का इनामी बदमाश चढ़ा पुलिस के हत्थे, कई लूट की घटनाओं में  चल रहा था वांछित

            हरदोई- पाली पुलिस को  एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने लखीमपुर खीरी समेत अन्य जिलों में कई लूट की घटनाओं में वांछित चल रहे एक 25 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। पाली इलाके के सहजनपुर के रहने वाले इस बदमाश पर हरदोई जनपद सहित आसपास के जिलो में आपराधिक मामले दर्ज है।
            पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी के निर्देशन और एएसपी पश्चिमी के निकट पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे शातिर इनामी अपराधी पकड़ो अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पाली थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एक 25 हजार के इनामी को पकड़ने में सफलता तब पाई जब नकटौरा रोड पर सहजनपुर मोड़ के पास अनुज बाजपेयी उर्फ प्रवेश को भागने के दौरान गिरफ्तार किया।
             एएसपी पश्चिमी त्रिगुण विषेन ने इस आशय की जानकारी देते हुए बताया कि यह हरदोई की देहात कोतवाली क्षेत्र के पेट्रोल पंप लूटकांड में भी वाँछित था और कई जिलों में अन्य लूट की घटनाओं में वांछित चल रहा था।पुलिस विभाग की तरफ से इसके ऊपर 25 हजार का ईनाम घोषित किया गया था।बताया कि हाल में कोतवाली देहात क्षेत्र में इसने अपने साथी के साथ मिलकर लूट की घटना को अंजाम दिया था।जो पूरी लूट की लाइव घटना पेट्रोल पंप पर लगे कैमरे में कैद हो गयी थी।आसपास के जनपदों के थानों में भी  इसका आपराधिक इतिहास दर्ज है।पाली थानाध्यक्ष गोपाल नरायण सिंह ने अपनी टीम के साथ मिलकर इसको गिरफ्तार किया है।