फंदे पर लटकता मिला विवाहिता का शव, ससुरालीजनों पर पीट-पीटकर हत्या का आरोप 

        हरदोई : शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सुरजीपुर में एक विवाहिता का शव घर के अंदर कमरे में गमछे से लटकता मिला। पिता ने ससुरालीजनों पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं पचदेवरा में एक युवक का शव पेड़ में रस्सी से लटकता मिला।
         ग्राम सुरजीपुर निवासी आरती (30) पत्नी शैलेंद्र सिंह की पांच वर्ष पूर्व शादी हुई थी। पति के अनुसार आरती से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। जिसके बाद वह घर से निकल आया था। बुधवार की शाम को आरती ने कमरे में गमछे से फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के संबंध में पिता नंदराम निवासी ग्राम पड़रिया थाना बघौली ने बताया कि आरती की एक बेटी और एक बेटा है। शैलेंद्र शराब और जुए का आदी है। वह आए दिन आरती को मारता पीटता था। बाइक के लिए दबाव बनाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि बुधवार को पति, देवर और सास-ससुर ने मिलकर आरती की पीट-पीटकर हत्या कर दी और शव को कमरे में गमछे से लटका दिया।
       पचदेवरा थाना क्षेत्र के ग्राम पतेउरा निवासी मनोज (27) पुत्र महेंद्र पाल खेतीबाड़ी का काम करते थे। मनोज के भाई सुनील ने बताया कि उनका एक बेटा निर्जल और एक बेटी शालू है। मनोज खेत पर ही झोपड़ी डालकर फसल की रखवाली करने के लिए रहते थे। बुधवार को उसका शव खेत के पास खड़े बरगद के पेड़ में रस्सी से लटकता ग्रामीणों ने देखा और परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया।