हरदोई- अरवल थाना क्षेत्र के श्रीमऊ गांव स्थित गम्भीरी इंटर कॉलेज में रूबेला एवं खसरा के टीके लगाने गई स्वास्थ्य टीम को प्रधानाचार्य द्वारा मना करने पर बैरंग वापस लौटना पड़ा। सीएचसी के अधीक्षक ने मंगलवार को मामले की सूचना डीएम एवं डीआईओएस को भेजी है।
मालूम हो कि एक पखवारे तक चलने वाला रूबेला एवं खसरे का टीकाकरण कार्यक्रम चल रहा है। जिसके तहत सीएचसी के फार्मासिस्ट अरविंद सिंह एवं राम सिंह के नेतृत्व में सोमवार को टीकाकरण कार्यक्रम के लिए टीम गम्भीरी इंटर कॉलेज श्रीमऊ पहुंची। यहां प्रधानाचार्य ने यह कहकर टीम को वापस कर दिया कि अभिभावकों की अनुमति के बाद ही टीके लगवाए जाएंगे। इस संबंध में प्रधानाचार्य सुन्दर लाल ने सीएचसी अधीक्षक को यह बात लिख कर दी है। टीम के वापस आने के बाद मंगलवार को सीएचसी के अधीक्षक डॉक्टर आनंद पांडेय ने डीएम एवं डीआईओएस को मामले की जानकारी भेज दी है।