युवा मयंक सिंह की गोरक्षा को लेकर बड़ी पहल

कछौना (हरदोई): जिस उम्र में युवा अपने करियर व जीविकोपार्जन को लेकर जिद्दोजहद करते हैं उस पड़ाव पर विकासखंड कछौना की ग्राम सभा बर्राघुमन के युवा मयंक सिंह के नेतृत्व में दर्जनों युवाओं ने आवारा गोवंशों हेतु गांव में पड़े एक बाड़ा में अस्थाई गोशाला की शुरुआत की।

आवारा गोवंशों से किसान आजिज आ चुके हैं । अपनी फसल को आवारा पशुओं से बचाने के लिए रात-रात भर ठंड में जागने को विवश हैं। थोड़ा मौका पाते ही आवारा पशु पूरे खेत को चट कर जाते हैं। शासन-प्रशासन से गो-आश्रय स्थल खोलने की गुहार करने के बाद भी कोई कदम न उठाए जाने के कारण युवाओं ने यह कदम उठाया जिसकी सभी भूरि भूरि प्रशंसा कर रहे हैं।

युवाओं द्वारा बनायी गयी अस्थायी गोशाला

इस गो-सेवा समिति में युवा अभिषेक सिंह, आलोक सिंह, राजाराम कठेरिया, नत्थू लाल, सौरव सिंह, राजपाल, राजाराम, मुन्ना, नीरु, कन्हैया आदि शामिल हैं । इन सबके आपसी सहयोग से यह कदम उठाया गया है । जिसमें पशुओं को पानी व चारे की व्यवस्था निजी साधनों से की जा रही है। यह गो-रक्षकों के लिए एक अच्छा कदम है। युवा कार्यकर्ता मयंक सिंह ने बताया कि आपसी सहयोग से बड़ी से बड़ी परेशानी को हल किया जा सकता है। हमेशा शासन-प्रशासन पर निर्भर नहीं रहना चाहिए। युवाओं के इस कदम से किसानों ने राहत की सांस ली है ।