कमरे में गमछे से लगाई फांसी

हरदोई- शहर के मोहल्ला आलूथोक में युवक का शव घर के कमरे में गमछे से लटकता मिला। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।      

कोतवाली शहर के आलूथोक निवासी उपदेश (25) पुत्र सतीश मेहनत मजदूरी करके परिवार की गुजर-बसर करता था। परिवार में उसकी पत्नी नीलम व पुत्र अनुभव है। परिजनो के अनुसार बुधवार की देर शाम घर के सभी सदस्य भोजन करके सो गए। कुछ समय बाद देर रात जब उपदेश के कमरे में देखा गया तो उसका शव कमरे के कड़े में गमछे से झूलता हुआ दिखा। इसपर परिवार में चीख-पुकार मच गई। इसी बीच मोहल्ले के तमाम लोग भी एकत्र हो गए। मामले की सूचना मिलने पर शहर पुलिस भी पहुंच गई। शव को कब्जे में लिया गया। गुरूवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनो के सुपुर्द कर दिया गया। परिजन आत्महत्या का कारण नहीं बता रहे हैं।