हरदोई- मल्लावां कोतवाली क्षेत्र में दहेज लोभी ससुराली हैवान बन गए और नवविवाहित महिला के ऊपर तेल डालकर जिंदा जला दिया। महिला को गम्भीर हालत में इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया जहां उसकी मौत हो गयी। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।
मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के बिराइचामऊ में साबिया 20 पत्नी तौहीद परिवार के साथ अपने ससुराल में रहती थी। उसकी 2 वर्ष पहले तौहीद के साथ शादी हुई थी। परिजनों के अनुसार शादी के कुछ माह बाद तो सब ठीक रहा लेकिन उसके बाद तौहीद के परिवार वाले उसे दहेज में बाइक व सोने की चैन के लिए परेशान करने लगे। छोटी-छोटी बातों पर उसके साथ मारपीट व गाली-गलौज करते थे। इसी बीच गुरुवार की देर शाम महिला को ससुराल वालों ने मिट्टी का तेल डालकर जिंदा जला दिया। पीड़िता की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग आ गए और आग बुझाकर पीड़िता को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां हालत बिगड़ती देख डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां से महिला को लखनऊ भेजा जा रहा था लेकिन उसकी ले जाते समय मौत हो गयी।
परिजनों के अनुसार देर शाम पीड़िता घर में मौजूद थी। परिजनों का आरोप है कि इसी बीच कुछ कहासुनी हुई और कहासुनी के दौरान उसके पति ने उसे पकड़ लिया जबकि देवरानी व ननद ने उसके ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी। इधर पीड़िता चीखने-चिल्लाने लगी। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस सम्बंध में एएसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्यवाई की जा रही है।