राहुल मिश्र, बघौली
एक ओर जहां शासन एवं प्रशासन की मंशा है कि महिला सुरक्षा पर पूरा ध्यान दिया जाए । यदि महिलाओं के साथ कोई ज्यादती करे तो उसे कठोर से कठोर दंड दिए जाए । यह मांग आज पूरे भारतवर्ष में उठ रही है । लेकिन अपराधी दिन पर दिन बेलगाम होकर महिलाओं पर अत्याचार करते जा रहे हैं ।
इसी कड़ी में थाना क्षेत्र बघौली के अंतर्गत ग्राम पिपोना में रहने वाले संतराम ने थाने में दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि दिनांक सात दिसम्बर को वह घर के बाहर बैठकर आग सेंक रहा था, इसी बीच गांव के ही दबंग नरेंद्र व नन्हके पुत्रगण मुरली तेली शराब के नशे में उसके यहां आए और उसे गाली-गलौच करने लगे । जब उसने गाली-गलौच से मना किया तो ये दबंग हाथापाई पर आमादा हो गए । इसी बीच संतराम की पुत्री शिवकुमारी उम्र छः साल वहीं पास में ही आग सेंक रही थी, उसे दबंग विपक्षीगण ने जलती हुई आग में ढकेल दिया जिससे कि बालिका गंभीर रूप से झुलस गई । बालिका को आनन-फानन में उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां झुलसी हुई बालिका का इलाज चल रहा है ।
इस संबंध में थानाध्यक्ष बघौली फूलचन्द्र सरोज ने बताया है कि प्रार्थना पत्र प्राप्त हो चुका है और सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया जा चुका है । अभियुक्तों की गिरफ़्तारी अभी तक नहीं हो सकी है । जल्द से जल्द अपराधियों को गिरफ़्तार करने के साथ कठोर से कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी ।