बदायूँ: अनावश्यक घूमने वालों पर कड़ी कार्यवाही अमल में लाई जाए। लाॅकडाउन का कड़ाई से पालन किया जाए। सहसवान में पाया गया कोरोना पाॅजीटिव व्यक्ति जितने भी लोगों के सम्पर्क आया है, उनको ढूंढकर सबकी जांच कराई जाए। इसके अलावा जितने भी व्यक्ति बाहर से जनपद में आ रहे हैं या आएं हैं, उन सबकी जांच कराई जाए। मंडियों में गेहूं खरीद के समय सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराया जाए, मास्क एवं सैनिटाइजर का प्रयोग हो।
शुक्रवार को आयुक्त बरेली मण्डल बरेली रणवीर प्रसाद एवं पुलिस उप महानिरीक्षक राजेश कुमार पाण्डेय ने उक्त निर्देश देते हुए जिलाधिकारी कुमार प्रशान्त एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अशोक त्रिपाठी के साथ कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जनपद में लाॅकडाउन के सम्बंध में समीक्षा बैठक की। इंट्रीग्रेटिड कंट्रोल रूम का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया एवं निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का समय से निस्तारण कराएं। इसके पश्चात उन्होंने आश्रय गृह पहुंचकर सामुदायिक रसोई का भी निरीक्षण किया एवं यहां ठहरे लोगों से उनका हाल जाना एवं भोजन सहित अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली, तो लोगों ने बताया कि उन्हें भोजन सहित अन्य सुविधाएं मिल रही हैं, जिसपर अधिकारियों ने संतोष जताया। उन्होंने कहा कि जनपद में कोई भी भूखा न रहे, कोई भी व्यक्ति भूखा हो तो जिला प्रशासन को बता सकता है। उसके लिए भोजन भेजा जाएगा। इसके पश्चात उन्होंने राजकीय मेडिकल काॅलेज स्थित आईसोलेशन वार्ड पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यहां दो वेन्टिलेटर बेड हैं, उन्होंने अपने सम्मुख वेन्टिलेटर को चलवाकर देखा कि कितनी देर में चिकित्सक इसको एक्टिव करेंगे। उन्होंने बताया कि संदिग्ध व्यक्तियों की सैम्पलिंग की जा रही है। वेन्टीलेटर एवं क्वारंटाइन की पर्याप्त व्यवस्था है। मण्डल स्तर पर जितने भी पाॅजीटिव केस प्राप्त होंगे उनके लिए आईसोलेशन एवं चिकित्सकों सहित अन्य सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था है। बदायूँ में सभी व्यवस्थाएं चाक-चैबंद हैं। शासन के निर्देशों का पूर्णतया पालन कराया जा रहा है। यदि कहीं पाॅजीटिव केस सामने आते हैं, तो उन क्षेत्रों को हाॅटस्पॉट भी किया जाएगा।