बदायूँ: डीएम, एसएसपी ने बाजार का निरीक्षण किया तो बहुत सी ऐसी दुकाने खुली मिल गईं, जिन्हें रोस्टर के अनुसार नहीं खुलना चाहिए था। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि कोरोना का खतरा अभी टला नहीं है, दिन प्रति दिन देश में आंकड़े बढ़ते ही जा रहे हैं, जिला प्रशासन दुकानों को खोलने के लिए रोस्टर तैयार किया है, इसके अनुसार दुकाने नहीं खोली तो दुकानदारों पर कार्यवाही की जाएगी।
मंगलवार को शहर के विभिन्न स्थानों पर रोस्टर के अनुसार नहीं खुली दुकानों को जिलाधिकारी कुमार प्रशान्त एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार त्रिपाठी ने चेतावनी देकर बंद करा दिया। बाजार में तैनात पुलिस को निर्देश दिए कि बाजार में किसी प्रकार की भीड़ न लगने दें। दुकानों के साथ-साथ सड़कों पर फिजीकल डिस्टेंसिंग का पालन कराया जाए। मास्क न लगाए व्यक्तियों को चिन्हित कर उनका चालान किया जाए। दोपहिया वाहनों पर सिर्फ चालक ही होना चाहिए, दूसरा व्यक्ति होने पर चालान किया जाए। इसी प्रकार चार पहिया वाहनों में दो-तीन व्यक्तियों से ज्यादा लोग सवार नहीं होने चाहिए। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्यवाही की जाए। उन्होंने दुकानदारों को निर्देश दिए कि ग्राहक और दुकानदार दोनो की सहुलियत के लिए दुकानों को खोलने की छूट दी गई है, लेकिन कोविड-19 के खतरे को अनदेखा करने वालों पर कोई रियायत नहीं बरती जाएगी। किसी दुकान के भीतर पाँच से अधिक लोग नहीं होने चाहिए। दुकान में गेट पर सैनिटाइजर रखा होना चाहिए, ग्राहक के प्रवेश करने पर दुकानदार सुनिश्चित कर लें कि ग्राहक ने मास्क लगाया हुआ है या नहीं उनके हाथों को सैनिटाइज़ करने के बाद ही उनको दुकान में प्रवेश करने दें, कैश के स्थान पर डिजीकल पेमेंट को ही बढ़ावा दिया जाए। अक्सर छुए जाने वाली सतहों को नियमित रूप से साफ कर कीटाणुरहित किया जाए। दरवाजे से हैंडल, सीडियों की रैलिंग को छूने से बचें। बाहर से घर जाने पर मुंह-हाथ अच्छे से धो लिए जाएं। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें, यहां संक्रमण का अधिक खतरा हो सकता है। ग्राहकों के फोन में अधिक से अधिक आरोग्य सेतु एप डाउनलोड कराया जाए, जिससे प्रतिदिन स्वयं का कोरोना परीक्षण किया जा सकता है। कोरोना के प्रति स्वयं भी जागरुक हो और दूसरों को भी जागरुक करें। कोरोना का ज्ञान, बचाएगा जान, घर में रहें, सुरक्षित रहें।