–आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय
विराट कोहली के नेतृत्व में ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध एडिलेड (ऑस्ट्रेलिया) में खेले गये पहले क्रिकेट टेस्ट मैच में भारत की ‘शर्मनाक कीर्तिमान’ पराजय के बाद दूसरे मैच में अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में मेलबॉर्न में खेले गये दूसरे टेस्ट मैच में आज (२९ दिसम्बर) भारत ने ऑस्ट्रेलिया को आठ विकेटों से पराजित कर चार मैचों की शृंखला फ़िलहाल १-१ से बराबरी कर ली है। अब आगे के दो मैच दोनों ही देशों के खिलाड़ियों के ‘नाक’ के प्रश्न बने हुए हैं।
०-४ से भारत की पराजय की पटकथा लिखने का दावा करनेवाले क्रिकेट पण्डित माइकेल वार्न को थूककर चाटना पड़ा है।

पहले खेलते हुए, ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों ने प्रथम पारी में १९५ और द्वितीय पारी में २०० रन बनाये थे, जिसके उत्तर में भारतीय दल ने प्रथम पारी में ३२६ और द्वितीय पारी में दो विकेटों पर ७० रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया को आठ विकेटों से पराजित कर दिया था। भारत की इस प्रभावपूर्ण विजय में प्रथम पारी में शान्त स्वभाववाले कप्तान अजिंक्य रहाणे-द्वारा बनाये गये ११२ रनों और हरफ़नमौला रवीन्द्र जडेजा के ५७ रनों के कारण भारतीय दल ने कुल ३२६ रन बनाये थे। इस प्रकार प्रथम पारी के आधार पर भारत को कुल १३१ रनों की अग्रता मिल चुकी थी। भारतीय गेंदबाज़ों की जानदार गेंदबाज़ी के चलते ऑस्ट्रेलियाई दल द्वितीय पारी में २०० रनों पर ढेर हो चुका था। बुमराह, अश्विन, सिराज तथा जडेजा ने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ों के छक्के छुड़ा दिये थे।
यह टेस्ट मैच चौथे दिन के दूसरे सत्र तक चला। इस प्रकार मेलबॉर्न में ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध भारत की यह लगातार दूसरी और कुल चौथी विजय है। स्मरणीय है कि दिसम्बर, २०१८ ई० में मेलबॉर्न में भारतीय दल ने ऑस्ट्रेलिया को १३७ रनों से पराजित किया था, तब भारत ने ३७ वर्षों-बाद मेलबॉर्न में कोई टेस्ट मैच जीता था। इससे पूर्व भारत को वर्ष १९७८ और १९८१ में मेलबॉर्न में ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध विजय प्राप्त हुई थी।
भारतीय कप्तान अजिंक्य रहाणे के प्रथम पारी में शानदार शतक और दूसरी पारी में अविजित रन के कारण उन्हें ‘मैन ऑव़ दी मैच’ का पुरस्कार दिया गया था। इसी अवसर पर रहाणे को ‘जॉनी मुलाग मेडल’ से सम्मानित किया गया, जो कि वे इस सम्मान से विभूषित किये जानेवाले प्रथम खिलाड़ी हैं। उल्लेखनीय है कि जॉनी मुलाग वर्ष १९६८ की ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट-दल के कप्तान थे।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा और महत्त्वपूर्ण मैच ७ से ११ जनवरी, २०२१ ई० तक सिडनी क्रिकेट ग्राउण्ड’ में खेला जायेगा, जिसके दिलचस्प और रोमांचक रहने की पूरी सम्भावना है।
अब समय आ गया है कि विराट कोहली को तीनों संस्करणों :– टेस्ट मैच, ५०-५० ओवरों के एकदिवसीय मैच तथा टी-२० में से केवल ५०-५० एकदिवसीय मैच का कप्तान बनाया जाये; टेस्ट मैच के लिए सर्वाधिक उपयुक्त कप्तान अजिंक्य रहाणे को बनाना उचित रहेगा। टी-२० के लिए रोहित शर्मा को कप्तानी दी जानी चाहिए।
उल्लेखनीय है कि अजिंक्य रहाणे ने अब तक तीन बार कप्तानी की है और तीनों में विजय प्राप्त की है।
(सर्वाधिकार सुरक्षित– आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय, प्रयागराज; २९ दिसम्बर, २०२० ईसवी।)
★ चित्र-विवरण :— पहला, भारतीय कप्तान अजिंक्य रहाणे ‘जॉनी मुलाग मेडल’ के साथ; दूसरा, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व-कप्तान जॉनी मुलाग।