मौत का पर्याय बनी सड़क की मरम्मत कराने की बात पर विभाग ने खड़े किए हाथ

कौशांबी : चायल तहसील क्षेत्र के कादिलपुर से काठ गांव को जाने वाली सड़क बिलासपुर तक तो कुछ ठीक है, लेकिन बिलासपुर से काठ गांव तक 2 किलोमीटर की सड़क इस कदर खराब है कि इस सड़क पर प्रतिदिन वाहन चालक फिसल कर गिर जाते हैं । जिससे वाहन चालक चोटिल हो जाते हैं ।

कई बार ग्रामीणों ने इस सड़क के मरम्मत की मांग की लेकिन सत्ता पक्ष के नुमाइंदों से लेकर आला अधिकारियों के कानों में जूं नहीं रेंगी है । जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है । इस सड़क का लेपन कार्य 5 वर्ष पहले निर्माण विभाग ने कराई थी लेकिन विभागीय देखरेख के अभाव में घटिया लेपन से सड़क उसी समय खराब हो गई थी । सड़क देखने में पूरी तरह से गायब हो चुकी है सड़क देखने से यह प्रतीत होता है कि जैसे खेत का मैदान हो । लेकिन घटिया सड़क के निर्माण और मरम्मत कराए जाने के बाबत सांसद विधायक और अधिकारियों ने अभी तक पहल नहीं की है जिसका खामियाजा आने वाले चुनाव में सत्ता दल के नुमाइंदों को भुगतना पड़ सकता है । घटिया सड़क पर आवागमन करते करते जनता का कलेजा भर चुका है और वह पूरी तरह से अधिकारियों और माननीयों के विरोध में बिगुल फूंक चुकी है।