जनपद में 12 से 24 जुलाई तक विश्व जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा मनाया जा रहा है | इस दौरान अन्तरा दिवस, मेगा अन्तरा दिवस का आयोजन किया जायेगा साथ ही नियत सेवा दिवस के माध्यम से महिला एवं पुरुष नसबंदी की सुविधा भी प्रदान की जाएगी | यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. सूर्यमणि त्रिपाठी ने दी |
सीएमओ ने बताया कि तीसरे गुरुवार यानी 15 जुलाई को सुरसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर मेगा अंतरादिवस का आयोजन किया जायेगा | साथ ही नियत सेवा दिवस के माध्यम से महिला नसबंदी की सेवा प्रदान की जाएगी | इस सम्बन्ध में सभी आशा संगिनियों और आशा कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए जा चुके हैं कि वह अपने-अपने क्षेत्र में समुदाय में इच्छुक लाभार्थियों को इन सेवाओं का लाभ लेने हेतु केंद्र पर आने के लिए प्रेरित करें | तीसरे गुरूवार (15 जुलाई ) बेहंदर सीएचसी पर महिला एवं पुरुष नसबंदी दोनों की सेवाएँ प्रदान की जायेंगी |
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि इसी क्रम में तीसरे शुक्रवार को (16जुलाई ) कोथावां सीएचसी पर महिला एवं पुरुष नसबंदी दोनों सेवाएँ तथा हरियावां सीएचसी पर महिला नसबंदी की सेवाएँ दी जाएँगी |
तीसरे शनिवार (17जुलाई ) को भरखनी सीएचसी पर महिला नसबंदी की सेवा और शाहाबाद सीएचसी पर महिला एवं पुरुष नसबंदी दोनों सेवाएँ प्रदान की जाएँगी | जिला स्वास्थय शिक्षा एवं सूचना अधिकारी प्रेम चंद यादव ने बताया- यह सभी सेवाएँ निशुल्क उपलब्ध करायी जाएँगी | महिला नसबंदी करवाने पर लाभार्थी को 2000 रूपये की प्रतिपूर्ति धनराशि तथा पुरुष नसबंदी करवाने पर लाभार्थी को 3000 रूपये की प्रतिपूर्ति धनराशि दी जाती है | महिला नसबंदी के लिए प्रेरक को 300 रूपये तथा पुरुष नसबंदी के लिए 400 रूपये दिये जाते हैं |
अंतरा इंजेक्शन नवविवाहित दंपत्ति, प्रसव के बाद स्तनपान कराने वाली महिला प्रसव होने के 6 सप्ताह बाद तथा ऐसी महिला जो दो बच्चों के बीच में अंतर रखना चाहती है, लगवा सकते हैं |
श्री यादव ने बताया कि पहला इंजेक्शन शुरू करने से पहले डॉक्टर की जाँच जरूरी है | इंजेक्शन लगे स्थान पर मालिश नहीं करनी चाहिए तथा न ही सिकाई करें | इसको लगवाने के बाद माहवारी में अनियमितता हो सकती है लेकिन वह कुछ समय के लिए ही होती है डाक्टर की सलाह के अनुसार दवाएं लेने से यह ठीक हो जाती है | अंतरा इंजेक्शन बंद करने के बाद गर्भधारण करने में 7 से 10 महीने का समय लगता है | हर इंजेक्शन लगवाने के लिए लाभार्थी को 100 रूपये तथा आशा कार्यकर्ता को प्रेरक के रूप में 100 रूपये की धनराशि दी जाती है |