कछौना, हरदोई। ठंड और घने कोहरे के चलते सरकारी विद्यालयों में चोरी की घटना शुरू हो गई है। चोर शिक्षा के मंदिर को भी नहीं छोड़ रहे हैं। मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने प्राथमिक विद्यालय त्यौरी में कमरे का लॉक तोड़ कर दो बैट्री, इनवर्टर चोरी कर ले गए। प्रधानाध्यापक रूबी कश्यप ने मामले की सूचना कोतवाली कछौना में लिखित रूप से दे दी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
बताते चलें विकासखंड कछौना को एचसीएल फाउंडेशन ने सर्वांगीण विकास हेतु गोद ले रखा हैं।परिषदीय विद्यालयों में बेहतर शिक्षा के लिए स्मार्ट क्लास बनाई है। स्मार्ट क्लास हेतु कक्षा में इनवर्टर, बैटरी, प्रोजेक्टर सहित कीमती सामान लगा रखा है। जिससे गरीब छात्रों को बेहतर शिक्षा का माहौल मिल सके। परंतु इन स्कूलों पर चोरों की पैनी नजर है। आय दिन स्कूलों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। कछौना क्षेत्र के लगभग एक दर्जन विद्यालय में चोरी की घटना को 5 वर्षों में अंजाम दे चुके हैं। जिससे एचसीएल फाउंडेशन का मनोबल कमजोर पड़ रहा है। वही गरीब ग्रामीण क्षेत्र के नौनिहाल बेहतर शिक्षा के संसाधनों से वंचित हो रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र के चौकीदार, सुरक्षा समितियों की सजगता की नितांत आवश्यकता है। इनकी जागरूकता से स्कूलों की संपत्ति को बचाया जा सकता है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया मामले की जांच की जा रही हैं। शीघ्र चोरी का खुलासा होगा।
रिपोर्ट – पी०डी० गुप्ता