खाद्य तेलों की मांग पूरी करने के लिए उत्‍पादन बढ़ाने पर जोर

राष्‍ट्रीय कृषि विज्ञान अकादमी के अध्‍यक्ष डॉक्‍टर त्रिलोचन महापात्रा ने देश में खाद्य तेलों की मांग पूरी करने के लिए उत्‍पादन बढ़ाने पर जोर दिया है। नई दिल्‍ली में पत्रकारों से जी एम सरसों की उन्‍नत किस्‍म के महत्‍व पर बातचीत में उन्‍होंने खादय तेलों का उत्‍पादन बढाने के लिए हाईब्रिड टैक्‍नोलोजी की भूमिका का उल्‍लेख किया।

डॉक्‍टर महापात्रा ने कहा कि महामारी के बाद खाद्य तेलों के आयात पर एक लाख करोड़ रूपये से अधिक की राशि खर्च की जा रही है। उन्‍होंने कहा कि देश में इस समय दो करोड़ पचास लाख टन खाद्य तेलों की मांग है जबकि उत्‍पादन एक करोड़ टन ही हो रहा है। डॉक्‍टर महापात्रा ने कहा कि सरकार ने खाद्य तेलों के आयात की निर्भरता कम करने के लिए कई कदम उठाये हैं। इस दिशा में प्रौद्योगिकी और हाईब्रिड बीज महत्‍वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।