केंद्रीय पर्यावरण और वन, उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दृष्टिकोण है कि पूर्वोत्तर क्षेत्र का समग्र विकास होना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी का लक्ष्य पूर्वोत्तर राज्यों की चुनौतियों और वास्तविक स्थिति को जानकर लुक ईस्ट नीति के अंतर्गत इस क्षेत्र को देश का सर्वश्रेष्ठ हिस्सा बनाना है।
अश्विनी चौबे आइजोल में भाजपा की प्रदेश इकाई के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। वह राज्य के दो दिन के दौरे पर आइजोल पहुंचे हैं।
उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर में कई विकास परियोजनाओं और कार्यक्रमों को तेजी से लागू करने के लिए सरकार ने डोनर विभाग को पूर्ण मंत्रालय बनाया है और भारतीय जनता पार्टी सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास धारणा पर चलते हुए राष्ट्र के अधिकतम विकास के लिए काम कर रही है।