उत्तर प्रदेश में शिक्षा, रोज़गार और युवाओं के भविष्य से जुड़े गंभीर सवालों को लेकर युवाओं द्वारा गठित ‘जस्टिस मोर्चा’ की कल दिनांक 10 अगस्त को दोपहर 1 बजे से प्रेस क्लब, लखनऊ में आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
जस्टिस मोर्चा का मानना है कि उत्तर प्रदेश का युवा आज शिक्षा की बदहाल व्यवस्था, सरकारी संस्थानों के कमजोर होते ढाँचे, बेरोज़गारी, प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं और रोजगार के सीमित अवसरों के कारण गहरे असंतोष और असुरक्षा के दौर से गुजर रहा है। यह केवल युवाओं का सवाल नहीं, बल्कि प्रदेश के भविष्य का सवाल है।
जस्टिस मोर्चा आने वाले दिनों में युवाओं के बीच जाकर उनके सवालों को सुनेगा, स्थानीय मुद्दों को उठाएगा और शिक्षा, रोजगार, समान अवसर के पक्ष में जनसमर्थन तैयार करेगा।
12 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चलेगा जनसंपर्क अभियान
जस्टिस मोर्चा की घोषणा के साथ ही एक व्यापक जनसंपर्क अभियान का भी ऐलान किया जाएगा। इस अभियान के तहत एक साइकिल यात्रा 20 अगस्त 2026 को चौरी चौरा, गोरखपुर से शुरू होकर 2 अक्टूबर 2026 को काकोरी, लखनऊ में समाप्त होगी। चौरी चौरा से काकोरी तक की यह यात्रा उत्तर प्रदेश के युवाओं की आकांक्षाओं, संघर्षों और सवालों को आवाज़ देने का प्रयास होगी। यात्रा के दौरान युवाओं, विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों, बेरोज़गारों और विभिन्न सामाजिक समूहों से संवाद किया जाएगा।
मोर्चा के लीडर डॉ० सुधांशु बाजपेयी ने बताया अगले 50 दिनों में प्रदेश भर के कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों में जस्टिस मोर्चा द्वारा नुक्कड़ सभाओं और मीटिंग के माध्यम से प्रदेश भर के युवाओं से संवाद करेंगे और उप्र में शिक्षा और रोज़गार के सवाल पर बड़े आंदोलन की ओर बढ़ेगे ।