कलयुगी नाती ने अपने साथियों सहित ननिहाल में बोला हमला, नानी समेत तीन घायल

                  नगर स्थित मोहल्ला सुल्हाड़ा की लाला बाज़ार निवासी रामदेवी पत्नी स्व0 गोकरन उम्र करीब 70 वर्षीय वृद्धा के घर पर रविवार की शाम को आरोपी युवक (उसका नाती) अमित पुत्र कैलाश निवासी मोहल्ला दादानगर कानपुर ने अपने चार-पांच साथियों सहित अचानक जानलेवा हमला बोल दिया। इस हमले में किसी को बचने का मौका नहीं मिला, ऐसा परिजनों का आरोप है।
                    अचानक हुए इस हमले में वृद्धा को काफी चोट आयी, हाथ में काफी गहरे जख्म पहुंचे। वृद्धा की चीख पुकार सुनकर जब उसके परिजनों ने उसे  बचाने  लिए प्रयास किया तो उन्हें भी हमलावरों द्वारा घायल कर दिया गया। साथ ही इस घटना में वृद्धा के पोते सोनू जो विकलांग है और किसी तरह भीख मांग कर अपना गुजारा करता है उसे भी हमलावरों ने बुरी तरह मारा पीटा। जिसके बाद आरोपी युवक व अन्य  सभी हमलावर बाइकों द्वारा घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। जिसके बाद सभी घायलों को गम्भीर हालत में स्थानीय सीएचसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से सभी को जिला अस्पताल रैफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की डायल 100 बाइक सवार जवानों ने पड़ोस के दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। सूत्रों की माने तो जिन व्यक्तियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है इन्ही लोगों से घटना के दिन सुबह किसी बात पर कुछ तकरार हुई थी। जिसके बाद उक्त घटना को अंजाम दिया गया। फिलहाल  पुलिस जांच में ही पता चल पाएगा कि घटना का कारण क्या है ?