हरदोई- हरपालपुर थाना क्षेत्र के ज्यूरी चन्द्रपुर गांव निवासी युवक हरियाणा में सड़क हादसे का शिकार हो गया। परिजन उसे लेकर जिले को आ रहे थे कि रास्ते में ही सांसे थम गई। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। हादसे से परिजनो में कोहराम मचा हुआ है।
गांव निवासी दयाराम (28) पुत्र समर कई महीनो से हरियाणा में रहकर एक पशु आहार फैक्ट्री में काम करता था। बताया गया कि बीती 30 दिसंबर की शाम वह काम करके कमरे के निकला। इसी बीच किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों की मदद से उसे वहीं के एक अस्पताल में भर्ती करा दिया गया व मामले की सूचना उसके परिजनो को दी गई। सूचना मिलने पर उसका बड़ा भाई रामकिशोर हरियाणा पहुंचा। मंगलवार को दयाराम को लेकर वापस घर के लिए निकला कि रास्ते में ही दयाराम की मौत हो गई। शव को गांव लाया गया जहां से सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनो के सुपुर्द कर दिया गया। मृतक के परिवार में चार पुत्रियां व पत्नी तारा बताई गई है। वह दो भाइयों में छोटा था।