- परिजनों के आरोप को पुलिस ने बताया निराधार
हरदोई: सांडी कस्बे के एक राइस मिल में भूसी भरने आए ट्रक ड्राइवर की संदिग्ध हालातों में मौत हो गई। उसका शव परिजनो को ट्रक के अंदर पड़ा मिला। सूचना पर पहुंचे परिजनो ने पुलिस को तहरीर देकर मिल मालिक पर अभद्रता का आरोप लगाया। पुलिस ने परिजनो के आरोप निराधार बताते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया है। मामले की जांच की जा रही हैै।
मैनपुरी के एलाऊ थाना क्षेत्र के बघिरूआ गांव निवासी ओमप्रकाश उर्फ पप्पू (45) पुत्र फूलसिंह मैनपुरी शहर के सुनील कुमार का ट्रक चालक था। उसके साथ गांव का ही मानसिहं पुत्र शिशुपाल परिचालक था। दोनो को सांडी कस्बे के डिंपल राइस मिल में भूसी भरने का आर्डर मिला। जिससे मंगलवार को ट्रक लेकर चालक व परिचालक मिल के अंदर पहुंच गए। पुलिस की माने तो ट्रक में भूसी भरी जा रही थी और पड़ोस में ही मिल मालिक डिंपल भी खड़े थे। इसी बीच अचानक ओमप्रकाश के सीने में तेज दर्द हुआ और वह जाकर ट्रक में लेट गया। कुछ देर बाद जब परिचालक ने अंदर जाकर देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। इसपर मामले की जानकारी परिचालक ने उसके परिजनो को दी। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। इधर इलाकाई पुलिस भी जा पहुंची। मृतक के पिता की माने तो जब वह लोग मिल में घुसे तो मिल मालिक ने उनसे अभद्रता की। इसपर अनहोनी की आशंका जताई। इसको लेकर थाने में तहरीर दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनो के सुपुर्द कर दिया। हादसे से मृतक के परिजनो में कोहराम मचा हुआ है। मृतक के परिवार में पत्नी ऊषा व पुत्र शिवरतन, अनुज, मोहित पुत्री पारूल बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार तहरीर मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।