हरदोई- शाहाबाद कस्बे के एक राइस मिल में मजदूरी करके घर लौट रहे साइकिल सवार युवक को डीसीएम ने टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद डीसीएम चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घायल को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। हादसे से परिवार सदमे में है।
थाना क्षेत्र के जमालपुर गांव निवासी अनिल कुमार (30) पुत्र छोटेलाल जानकारी के अनुसार शाहाबाद कस्बे के एक राइस मिल में मजदूरी करता था। इसके लिए प्रतिदिन साइकिल से मिल को आता और देर रात घर वापसी करता। इसी कड़ी में जानकारी के अनुसार सोमवार की रात करीब 11 बजे वह मिल से काम निपटाकर घर के लिए वापस निकला। बताते हैं कि वह मिल से सडक के दूसरी ओर जाने के लिए सड़क पार करने लगा, इतने में आई तेज गति से आ रही डीसीएम ने उसे टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर गया और साइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं डीसीएम चालक तेज गति से डीसीएम लेकर भाग निकलने में कामयाब रहा। मिल के सहकर्मियों व आसपास के लोगों ने इसकी जानकारी उसके परिजनो को दी। परिजन उसे कस्बे की सीएचसी ले गए। जहां से हालत गंभीर देखकर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनो के सुपुर्द कर दिया गया। मृतक के परिवार में एक 3 वर्ष की पुत्रीर आशिका व पत्नी तथा दो भाई व 3 बहन बताए गए हैं।