हरदोई। मल्लावां थाना क्षेत्र के कलेनापुर गांव के समीप रविवार को हुए सड़क हादसे में घायल दो बाइक सवारों में से इलाज के चलते एक की मौत हो गई। वहीं दूसरा का भी कानपुर में इलाज चल रहा है। हादसे से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
थाना क्षेत्र के गांव कुतुआपुर निवासी श्रीगणेश (28) पुत्र दर्शन परिजनो के अनुसार रविवार को गांव के राजोल (22) पुत्र रमेश के साथ अपनी बाइक पर सवार होकर मल्लावां कस्बे को गया। देर शाम दोनो वापस घर को निकले। रास्ते में कलेनापुर के सामने से आ रही कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे दोनो बाइक समेत मौके पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। कार चालक वाहन समेत फरार हो गया। आसपास के लोगों ने एंबुलेंस से उन्हे नजदीकी सीएचसी पहुंचाया। जहां से दोनो की हालत गंभीर देखकर उन्हे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन परिजन उन्हे कानपुर ले गए। जहां पर सोमवार की रात अस्पताल में श्रीगणेश की मौत हो गई। जिससे परिजनो में कोहराम मच गया। शव को वापस घर लाया गया। जहां से पुलिस ने जानकारी मिलने पर मंगलवार को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। देर शाम पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनो के सुपुर्द कर दिया गया। मृतक अविवाहित बताया गया है। उसके परिवार में मां विद्यावती व चार भाई हैं। इसी हादसे में घायल हुए गांव के ही राजोल का कानपुर के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।