फांसी के फंदे पर नवविवाहिता का झूलता मिला शव, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

हरपालपुर/हरदोई- थाना व कस्बा हरपालपुर में शुक्रवार को एक नवविवाहिता ने घर के अंदर फांसी लगा ली । परिजन उसे स्थानीय सामुदायिक स्वस्थ्य केंद्र ले आयी जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके वालों ने ससुरालीजनों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए कार्यवाई की मांग की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।        

जानकारी के अनुसार कस्बा व थाना हरपालपुर निवासी अरुणेश कुमार शर्मा के पुत्र शैलेंद्र कुमार की शादी लगभग 6 माह पूर्व थाना सांडी के सैदापुर गांव निवासी लालता प्रसाद की पुत्री रोहिणी (22) के साथ हिन्दू रीतिरिवाज से हुई थी। बताया जा रहा है कि शादी के बाद से पति पत्नी में आपस में कुछ अनबन चल रही थी। शुक्रवार को जब घर के सभी सदस्य अपने अपने काम के लिए बाहर चले गए तो रोहिणी ने घर के अंदर कमरे में फांसी लगा ली। घर वालों ने जब आकर उसको फांसी के फंदे पर लटकता देखा तो आनन फानन में वह इलाज के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहाँ डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके वालों ने ससुरालीजनों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए कार्यवाई की मांग की। प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि मायके वालों की तरफ से अभी कोई तहरीर नही मिली है।ससुरालीजनों पर अभी केवल मौखिक रूप से दहेज हत्या का आरोप लगाया है। तहरीर मिलने पर कार्यवाई की जाएगी। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।