- परिजनों का आरोप टेंट हाउस के मालिक ने अस्पताल पहुंचाने में की देरी
मृतक नाबालिग़ था । टेंट हाउस के मालिक पर बालश्रम के तहत कार्रवाई की जाएगी या नहीँ देखने वाली बात होगी ।
कछौना (हरदोई)- कोतवाली कछौना क्षेत्र के अंतर्गत रविवार रात विवाह समारोह में टेंट हाउस में कार्य कर रहे एक किशोर की जनरेटर का करंट लगने से मौत हो गई । टेंट हाउस मालिक और ग्रामीण उसे सीएचसी ले गये जहॉ डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया ।
कस्बा कछौना के मोहल्ला रेलवेगंज स्थित जैनू टेंट हाउस में ओमजी (16) पुत्र रामप्रसाद निवासी पहावाँ बतौर श्रमिक काम करता था । रविवार को उचौली गांव के गुड्डू सिंह की पुत्री राधा के वैवाहिक समारोह में टेंट लगाने के लिए जैनू टेंट हाउस का मालिक रवी उसे साथ लेकर गया था । कार्यक्रम में लाइट के लिए जरनेटर लगाया गया था । प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात में बारिश हुई थी और ओमजी जरनेटर में पानी डालने गया था तभी उसको किसी तार से करंट लगा जिससे वह वहीं गिर कर बेहोश हो गया । टेंट मालिक रवी उसे कछौना सीएचसी ले गया । जहां डॉक्टर मुकेश गुप्ता ने परीक्षण के बाद ओमजी जी को मृत घोषित कर दिया । ग्रामीणों की सूचना पर सीएचसी पहुंचे परिजनों के बिलखने से कोहराम मच गया ।
मृतक के परिजनों में आक्रोश देख टेंट मालिक रवी मौके से फरार हो गया । मृतक के परिजनों का आरोप है कि करंट लगने के उपरांत ओमजी एक घंटे तक वहीं पड़ा रहा, टेंट मालिक ने प्राथमिक उपचार हेतु ले जाने में लापरवाही बरती और उन्हें दुर्घटना की सूचना भी नहीं दी । विवाह समारोह में मौजूद ग्रामीण के द्वारा उन्हें सूचना प्राप्त हुई l मृतक किशोर के परिजनों का कहना है यदि टेंट मालिक समय पर उपचार हेतु ले जाता तो शायद ओमजी की मौत ना होती । दुर्घटना की सूचना पर सीएचसी में रात को ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई । सीएचसी पर मौजूद डॉक्टर ने बताया कि पुलिस को मेमो भेज दिया गया है । पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है । बेटे की मौत से उसकी मां और पिता का रो-रो कर बुरा हाल है ।