हरदोई- शहर के पिहानी चुंगी पर तेज रफ्तार ट्रक ने पैदल जा रहे युवक को कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस की ओर से हादसे की सूचना उसके परिजनो को दी गई। शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। हादसे से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
बेहटागोकुल थाना क्षेत्र के बम्हनापुर गांव निवासी संजय सिंह (40) पुत्र गंगाभक्त ने हाल ही में शहर के रद्धेपुरवा रोड पर जमीन लेकर मकान बनवाया। जहां पर वह अपने परिवार के साथ रहने लगा। बताया गया कि सोमवार की शाम वह सब्जी खरीदने के लिए पिहानी चुंगी पर गया। इसी बीच शाहजहांपुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही तड़प-तड़प पर मौत हो गई। हादसे से चुंगी पर काफी भीड़ लग गई। सूचना मिलने पर करीब में ही बनी चौकी से कोतवाली देहात के पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंच गए। शव के पास से मिले मोबाइल के आधार पर उसके परिजनो को जानकारी दी। मंगलवार को परिजनो के पहुंचने पर शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। देर शाम पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनो के सुपुर्द कर दिया गया। मृतक खेतीबाड़ी का काम करता था। उसके परिवार में पुत्री मानसी, अपूर्वा व पत्नी शक्ति सिंह बताई गई है। अपने माता पिता की इकलौती संतान था। हादसे से पूरा परिवार सदमे में है।